भोपाल। राजधानी भोपाल के बागसेवनिया इलाके में ज्वेलरी शॉप के लूट मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जीजा और साले ने मिलकर इस लूट की पूरी वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने ज्वेलर्स की दुकान पर हेलमेट पहनकर कट्टे की नोक पर लूट की थी।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों ही आरोपी रायसेन जिले के रहने वाले है। लेकिन लंबे समय से वे भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में किराए से रह रहे थे। हैरानी वाली बात तो यह है कि घटनास्थल से महज 400 मीटर की दूरी पर ही दोनों आरोपी किराए के मकान में रहते हैं। पुलिस ने उन्हें मकान से ही दबोचा है।
बता दें कि वारदात बाग सेवनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई थी। लूट की ये वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें दो आरोपी हेलमेट पहने दुकान में घुसते दिखाई दिए। दुकानदार को पिस्टल की नोंक पर धमकाया। इसके बाद तिजोरी और दराज में रखे नकदी और जेवर बैग में भर लिए। इसके बाद धमकी देते हुए भाग गए थे।