नीमच। शहर में राखी के बाजारों की रंगत चरम पर है। 19 अगस्त सोमवार को रक्षाबंधन का त्यौहार है और बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। भाई की कलाई पर बांधे जाने वाले रक्षा सूत्रों को लेने के लिए बाजारों में बहनों की भीड़ उमड़ने लगी है। नीमच के बाजारों में राखी की करीब 250 से अधिक दुकानें लगी है। मुख्य रूप से टैगोर मार्ग पर बड़ी संख्या में विक्रेताओं ने राखी की दुकानें सजाई है। बाजार में 10 से लेकर के 500 से अधिक मूल्य की राखियां उपलब्ध है।
खरीदार और दुकानदारों ने बताया कि इस बार राखी वैरायटी की बड़ी रेंज मार्केट में दिखाई दे रही है। जिसमें भैया भाभी वाली पेयर राखी, कपल राखी, बच्चों के लिए लाइट वाली,सेल वाली और म्यूजिक राखी, कुंदन, कड़े, आदि कई तरह की राखियां बिक रही है। महिलाएं बाहर रह रहे भाइयों को भेजने के लिए पतली और छोटी राखियों की जमकर खरीदारी कर रही है।
विक्रेताओं ने बताया कि कल तक अपेक्षाकृत रूप ग्राहक की मद्दी थी। लेकिन अब अगले दो दिनों में सीजन के ज़ोर पकड़ने की उम्मीद भी जताई। संभावना जताई जा रही है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोग खरीदारी करने के लिए दो दिनों में बड़ी संख्या में नीमच के मार्केट तक पहुंचेंगे।