चीताखेड़ा। लो भाई -बहन के अटूट विश्वास के रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन आ गया और रेशम के कच्चे धागे राखियों और जोधपुर की प्रसिद्ध मिष्ठान व भोला माली, ईश्वर लाल माली की मिठाईयों की दुकानें चीताखेड़ा बस स्टैंड पर अस्थाई रूप से बाजार भी सज-धजकर बहनों के इंतजार में बाट जो रही है। भाई - बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आज सोमवार को मनाया जाएगा। इस बार हर साल से भी अधिक राखियों की दुकानें लगी है। सावन माह के आज अंतिम दिन 19 अगस्त 2024 को शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को अत्यंत शुभ एवं मंगलकारी माना गया है। खास बात यह भी है कि सावन श्रवण नक्षत्र, प्रीति और सर्वार्थ सिद्धि योग में भाई बहन के बीच विश्वास और प्रेम के इस त्योहार पर बहने अपने भाईयों की कलाई पर स्नेह व सौहार्द का धागा बांधेगी। भाई अपनी बहन की रक्षा के रूप में सदैव खड़ा होने, बहन की जीवन यात्रा में उनका मार्ग दर्शन और समर्थन देने का वचन देता है और बहने भी अपने भाईयों की लंबी उम्र की प्रार्थना करती हैं।
इस बार भी रक्षाबंधन पर भद्रा काल दोपहर 1.30 बजे तक रहेगा। इसके बाद शुभ मुहूर्त में बहने अपने भाईयों की कलाई पर रेशम की डोर रक्षा सूत्र बांध सकेगी। सावन माह की शुरुआत भी विगत दिनों 22 जुलाई सोमवार से हुई और समापन भी इस वर्ष का सावन माह का अंतिम दिन आज दिवस 19 अगस्त सोमवार के दिन ही हो रहा है। इस संयोग को सुख समृद्धि और लाभकारी बताया गया है।