मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी में भक्तों को शामिल होने के लिए आमंत्रण देने के लिए प्रातःकालीन आरती मंडल के तत्वाधान में रविवार को वाहन रैली का आयोजन किया गया। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर से शुरू हुई जो शहर के शाही सवारी मार्ग के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस पशुपति नाथ मंदिर पहुंची। जहां रैली का समापन हुआ। रैली में बड़ी संख्या में महादेव के भक्त शामिल हुए। कल सावन के अंतिम सोमवार को भगवान पशुपति नाथ रजत प्रतिमा के रूप में शाही रथ में सवार होकर ठाठ-बाट के साथ नगर भ्रमण पर भक्तों का हाल जानने निकलेंगे। प्रातः कालीन आरती मंडल के अध्यक्ष दिलीप शर्मा ने बताया प्रतिवर्ष के अनुसार सावन के अंतिम सोमवार को शाही सवारी का आयोजन किया जाएगा। बाबा पशुपति नाथ की शाही सवारी में ढोल नगाड़े, विशाल नन्दी पर सवार शिव पार्वती, अघोरी की झांकी, राधाकृष्ण, मां कालिका, शिव पार्वती सहित कई आकर्षक झांकिया, पंजाब के ढोल उज्जैन के ताशे, अखाड़े साथ रहेंगे। शाही सवारी सुबह 11 बजे भगवान पशुपति नाथ मंदिर से शुरू होगी जो नगर भ्रमण के साथ देर शाम तक वापस मंदिर प्रांगण तक पहुंचेगी।