नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नीमच-झालावाड़ मार्ग स्थित ग्राम बरवाड़ीया के नजदीक रविवार शाम को एक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक रक्षाबंधन का पर्व मनाने करीब डेढ़ माह बाद गुजरात से मजदूरी कर अपने घर गांव धामनिया लौट रहा था। मगर घर से 15 किलोमीटर दूर उसकी बाइक असंतुलित हो गई और हादसे में उसकी मौत हो गई। मृतक के शव को रामपुरा चिकित्सालय लाया गया। जहां परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपूर्द कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।