चित्तौड़गढ़। झांतला माता में दर्शन के लिए आए दो व्यक्तियों को चोरी की शंका में मारपीट कर एक अधेड़ की हत्या करने के मामले में चंदेरिया थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने जानकारी दी कि 08 अगस्त को चंदेरिया थाना को सूचना मिली कि कश्मोर गांव के पास सराय में दो व्यक्ति बेहोश हालत में पड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सांवलियाजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया और दूसरे व्यक्ति का इलाज शुरू किया गया। मृतक की पहचान सिंहपुर थाना कपासन के निवासी 50 वर्षीय शंकर लाल पुत्र शांति लाल खटीक के रूप में हुई, जबकि घायल व्यक्ति की पहचान 25 वर्षीय राकेश पुत्र मिठुलाल नायक के रूप में की गई।
राकेश नायक की शिकायत पर चोरी की शंका के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या का मामला दर्ज किया गया। एफआईआर के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी चित्तौड़गढ़ परबत सिंह और डीएसपी चित्तौड़गढ़ ग्रामीण शिवप्रकाश के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी एकत्रित की और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और गहन अनुसंधान के आधार पर, प्रार्थी और मृतक के साथ मारपीट करने वाले व्यक्तियों की पहचान की गई और उन्हें नामजद किया गया।
पुलिस ने आरोपी कश्मोर थाना चंदेरिया निवासी 25 वर्षीय सत्यनारायण उर्फ सत्तु लाल और झांतला माता थाना चंदेरिया निवासी 37 वर्षीय राजु लाल को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस की गठित टीम:
थानाधिकारी चंदेरिया धर्मराज मीना (उप निरीक्षक), एएसआई श्याम लाल, देवेन्द्र सिंह, प्रभुलाल, सुरेन्द्र सिंह, साइबर सेल के प्रमुख कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल गणपत, चंदेरिया थाने के कांस्टेबल अरविंद, रवि, महेंद्र, अशोक, बहादुर और भागीरथ।