मनासा। क्षेत्र के गांव हांसपुर में कुशवाहा समाज ने सोमवार को भगवान लव कुश का जन्म उत्सव धूमधाम के साथ मनाया। राधाकृष्ण मंदिर पर भगवान लवकुश का पूजन अर्चन कर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर से प्रारम्भ हुई जो गांव की हर गली चौराहों से होते हुए वापस राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण पहुंची। शोभायात्रा के प्रथम चरण में समाज के लोग अपने हाथों में केशरिया ध्वज लेकर चल रहे थे। दूसरे क्रम में लवकुश सेना अखाड़े के प्रदर्शन करते हुए चल रही थी, जिसमे हैरतअंगेज करतब दिखाएं। वहीं भगवान लवकुश की जीवंत झांकी आकर्षण का केंद्र रही। लव कुश वेश में दो बालकों ने अश्वमेघ यज्ञ का घोड़ा थामे रखा था व एक बालक ने हनुमान जी का वेष धारण कर रखा था। नगर भ्रमण के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। नगर भ्रमण कर शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर पहुंची। जहां लवकुश भगवान की पूजा अर्चना की गई एवं महाआरती के साथ महाप्रसादी का आयोजन किया गया।