नीमच। जिले में आज रविवार को सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। जिले के नदी-नालों में भी उफान आ गया है। वहीं शहरी क्षेत्र में भी कई जगह जल भराव की स्थिति निर्मित हुई। बोहरा कॉलोनी की सड़कें भी बारिश के पानी में जलमग्न हो गई। वहीं जिले के मोरवन बांध में भी पानी की आवक लगातार बनी हुई है। मोरवन बांध की कुल क्षमता 52 फीट की है। वर्तमान में राजस्थान में हो रही बारिश बांध में करीब 44 फीट पानी आ चुका है। इसके अलावा जिले की पुल-पुलियाओं पर भी बारिश का पानी आने से कई गांवों का संपर्क भी आपस में टूट गया है। जिले की मालखेड़ा पुलिया पर भी बारिश का पानी पहुंचने ही वाला है। प्रशासन ने भी आम नागरिकों से बारिश के दौरान पुल-पुलियाओं से आवागमन नहीं करने की समझाइश दी है। आपकों बता दें कि मौसम विभाग ने नीमच व मंदसौर जिले के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।