चित्तौड़गढ़। जिले के महाराज की नेतावल के निकट पाचली में मगरी पर स्थित श्री नाकोड़ा देवनारायण जी देव स्थल पर शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में बुधवार दो अक्टूबर को घट स्थापना व अनुष्ठान का आयोजन होगा। इसी के साथ नौ दिवसीय कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। देवस्थल पर प्रतिदिन अनुष्ठान व चौकी होगी।
जिला मुख्यालय से करीब 28 कि मी दूरी पर नेतावल के निकटवर्ती पाचली में प्राचीन, चमत्कारिक श्री नाकोड़ा देवनारायण जी मंदिर पर आयोजन में भाग लेने की अपील श्रद्धालुओं ने की।
उल्लेखनीय है कि श्री नाकोड़ा देवनारायण जी धर्म स्थल पर आधे तेल और आधे पानी से अखंड ज्योत निरंतर प्रज्वलित रहती है। अति प्राचीन एवं चमत्कारिक धर्म स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का वर्ष भर आवागमन रहता है। मान्यता है कि श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी होती है। भोपाजी हेमराज गुर्जर ने बताया कि नवरात्रि में नियमित धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये जायेंगे।