उज्जैन। सर्व पितृ अमावस्या पर बुधवार को उज्जैन में केडी पैलेस, शिप्रा नदी का रामघाट और सिद्धवट सहित गया कोठा तीर्थ पर श्रद्धालु तर्पण श्राद्ध कर्म करने पहुंचे इस दौरान सबसे ज्यादा भीड़ केडी पैलेस पर रही जहां बुरी आत्माओं से छुटकारा पाने के लिए भक्त शिप्रा नदी में डुबकी लगाते हुए दिखाई दिए। इस दौरान कई लोग अजीब अजीब हरकत करते रहे किसी ने अपनी जीभ तलवार से काट दी।
केडी पैलेस पर शिप्रा नदी पर बने 52 कुंड में बुरी आत्माओं से मुक्ति पाने के लिए लोग डुबकी लगाने पहुंचे। उज्जैन से करीब 7 किमी दूर केडी पैलेस 52 कुंड पर डुबकी लगाकर बुरी आत्मा से मुक्ति पा रहे थे। पंडित सूर्यनारायण शर्मा ने बताया कि सर्व पितृ अमावस्या पर जिन लोगो ने पुरे श्राद्ध पक्ष में पूजन पाठ नहीं किया हो वो जातक आज के दिन एक साथ परिवार के मृतक परिजनों की आत्मा की शान्ति के लिए एक साथ सभी पितृ का तर्पण कर सकता है। सिद्धवट घाट और गया कोठा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, वही शिप्रा नदी के रामघाट पर पुण्य सलिला ने डुबकी लगाने वाले अल सुबह से घाट पर पहुंचने लगे थे।
अमावस्या पर केडी पैलेस पर भूतों का मेला लगता है। शरीर में लगी बुरी आत्माओं को भगाने के लिए इन दोनों कुंड में डुबकी लगाई जाती है। मान्यता है की ऐसा करने से सभी आत्मा को मोक्ष की प्राप्ति होती है। स्कन्द पुराण में भी इसका उल्लेख मिलता है। सूर्य कुंड, ब्रह्म कुंड और सूर्य मंदिर यहां स्थापित है।