नीमच। थाना क्षेत्र के ग्राम जराड के पास स्थित एक खेत में मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की लाश मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगोली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जराड में एक खेत में युवक की लाश मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी बीएल भाबर और एएसआई सुरेश कटारिया ने घटना स्थल का मौके पर मुआयना किया और लाश को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली पहुंचाया।

थाना प्रभारी बीएल भाबर ने बताया कि मृतक रतनलाल पिता रूपलाल गुर्जर उम्र लगभग 40 साल निवासी तोरनिया, थाना पारसोली जिला चित्तौड़गढ़ राज मानसिक रूप से बीमार था। जिसे परिजन इलाज के लिए भेरू के स्थान ग्राम थमनिया थाना भैंसरोड़गढ़ राज लाए थे। रतनलाल सोमवार से लापता था जिसे परिजन तलाश कर रहे थे। पुलिस सूचना मिलने पर मौका पंचनामा बनाकर मामले की जांच कर रही है। मृतक का पोस्ट मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी मामले की जांच में जुटी है-
बताया जा रहा है कि जब थाना प्रभारी बीएल भाबर मौके पर पहुंचे तो उन्होंने जांच शुरु की जिसमें मृतक के जेब से मिले बिल के आधार से पुलिस ने परिजनों को मोबाइल पर संपर्क किया, जिसके बाद मृतक के परिजन उसकी तलाश करते हुए सिंगोली थाना पहंचे लेकिन पुलिस ने मोबाइल पर रतन लाल की मौत की सूचना दे दी थी। बाद में मृतक को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया।
