खरगोन। आद्य शक्ति देवी आराधना के महापर्व शारदेय नवरात्र पर गुरुवार को शुभ मुहुर्त में घट स्थापना के साथ ही देवी प्रतिमाएं विराजित की गईं। इसके साथ ही डांडिया की खनक भी सुनाई देने लगी है। नवरात्र पर्व को लेकर शहर सहित जिले के अंचलों में उत्साह के साथ झांकी स्थलों और पांडालों में देवी प्रतिमाएं शुभ मुहूर्त में विशेष पूजा-अर्चना के साथ स्थापित की गईं। 9 दिनों तक खासी चहल-पहल के साथ ही गरबा पांडालों में रौनक रहेगी। सुबह से देरशाम तक टोलियों के रुप में बाजार पहुंचे माता भक्तों के जयकारों से समूचा नगर गुंजायमान रहा। बाजे-गाजे के साथ श्रद्धालू प्रतिमाएं झांकी पांडालों तक ले गया।
शक्तिपीठों पर हो रहे अनुष्ठान
शहर के मुख्य शक्तिपीठ माने जाने वाले श्रीबाकी माता मंदिर, श्री बाघेश्वरी माता मंदिर, कुंदा तट स्थित श्री कालिका माता मंदिर, पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित श्री कालिका माता मंदिर, जवाहर मार्ग स्थित छंठी माता मंदिर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित श्री नवसिद्ध शक्ति माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया है। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शनार्थ पहुंचने लगी है। वहीं जिला मुख्यालय से 18 किमी दूर स्थित ऊन के श्री महालक्ष्मी मंदिर और 35 किमी दूर सेगांव स्थित देवी श्री लालबाई-फूलबाई के मंदिर में भी श्रद्धालुओं का सैलाब नवरात्र के दौरान दर्शनार्थ उमड़ेगा। पर्व को लेकर दुधिया रोशनी और आकर्षक विद्युत सज्जा के बीच मां के दरबार जगमगा रहे हैं। शहर भर में करीब 50 से अधिक स्थानों पर माता रानी के दरबार सजाए गए हैं।