चित्तौड़गढ़। बोजुन्दा पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थित श्री कालभैरव (श्री काला जी बावजी) देव स्थल पर गुरुवार को सुबह घट स्थापना, अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ नवरात्रि महोत्सव प्रारम्भ हुआ। महाआरती, पूजन, अनुष्ठान के साथ नवरात्रि महोत्सव आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यह जानकारी देते हुए पुजारी बाबूलाल जी जटिया सतखंडा ने बताया कि श्री काल भैरव मंदिर में नवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। महानवमी पर कन्या पूजन व महा प्रसाद के साथ पूर्णाहुति की जाएगी।
बोजुन्दा में स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में अति प्राचीन श्री काल भैरव (श्री काला बावजी) मंदिर अति प्राचीन और चमत्कारिक देवस्थल है। यहां प्रत्येक शनिवार को बावजी की गादी लगती है।
उल्लेखनीय है कि अति प्राचीन इस धर्म स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का वर्ष भर आवागमन रहता है। मान्यता है कि यहां श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी होती है, और दैहिक, दैविक, भौतिक कष्टों से मुक्ति भी मिलती है।
यहां आने वाले श्रद्धालुओं ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले के आसपास ही नहीं, बल्कि राजस्थान सहित मुंबई, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश व अन्य राज्यों से यहां श्रद्धालु आते हैं और अपनी मनोकामना की पूर्ति पर धन्य होते हैं।