प्रतापगढ़। विश्वव्यापी दाऊदी बोहरा समुदाय के 53वें धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन आज 01 अक्टूबर को मंदसौर से प्रतापगढ़ पहुंचे। अंजलि राजोरिया, कलेक्टर एवं शहर में दाऊदी बोहरा समुदाय के वरिष्ठ सदस्यों ने उनका गर्म जोशी के साथ स्वागत किया। 2014 में समुदाय का नेतृत्व संभालने के बाद सैयदना सैफुद्दीन की यह पहली प्रतापगढ़ यात्रा है।
अपनी यात्रा के दौरान, सैयदना समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे और उनका हालचाल पूछेंगे। वह बुरहानी मस्जिद में एक उपदेश भी देंगे जहां वह समुदाय के सदस्यों को जीवन के विभिन्न सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर मार्गदर्शन करेंगे।
समुदाय द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर बोलते हुए, प्रतापगढ़ में दाऊदी बोहरा समुदाय के पीआर समन्वयक मुस्तफा शिराज़ी ने कहा कि हम बेहद भाग्यशाली हैं कि हमें इतने वर्षों के बाद प्रतापगढ़ में सैयदना और उनके परिवार की मेजबानी करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में हर सड़क, मोहल्ले और दाऊदी बोहरा के हर घर सैयदना के आगमन से उत्साहित है और उनके घरों रौशनी से गुलजार है। परिवार एक साथ आए हैं, चाहे वे वर्तमान में कहीं भी रहते हों, यह सुनिश्चित करने के लिए कि वे अपने गृहनगर में सैयदना की इस ऐतिहासिक यात्रा के गवाह बनें, जो जीवन भर उनकी यादों में अंकित रहेगा।
सरकारी अधिकारियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए, शिराज़ी ने कहा कि हम सैयदना और प्रतापगढ़ में हजारों मेहमानों की मेजबानी में उनके सहयोग और समर्थन के लिए स्थानीय अधिकारियों, संगठनों और हमारे पड़ोसियों के आभारी हैं।
1,300 से अधिक दाऊदी बोहरा सदस्य प्रतापगढ़ के विभिन्न हिस्सों जैसे बोहरा गली, सालमपुरा, गौतम नगर, नई आबादी, अशोक नगर और राजेंद्र नगर और एरियापति में रहते हैं। वे जिले के सामाजिक-आर्थिक विकास में सक्रिय योगदान देते हैं। इस क्षेत्र में स्थित दरगाह-ए-काकाजी ईसाभाई, क्षेत्र के दाऊदी बोहरा सदस्यों के बीच बहुत श्रद्धा रखते हैं।