नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के नीमच-सिंगोली रोड स्थित चौथा मील (वाटर पार्क के सामने तिराहा) पर स्थित हनुमान मंदिर में एक युवक द्वारा मूर्ति तोड़ दी। जिसके बाद हंगामा खड़ा हो गया। राहगीरों ने युवक को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस उक्त युवक को हिरासत में लेकर थाने लाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीमच सिटी थाना क्षेत्र के नीमच-सिंगोली रोड स्थित चौथा मील के पास वाटर पार्क तिराहे स्थित श्री मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में करण मालवीय निवासी बरूखेड़ा ने मंदिर में घुसकर पत्थर से भगवान बालाजी महाराज की मूर्ति को खंडित कर दिया। जिसके बाद युवक मौके से फरार होने लगा तो राहगीरों ने उसको पकड़ लिया। इसके बाद सिटी थाने पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी विकास पटेल मय बल के मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर थाने लाए।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि युवक करण मालवीय ने नीमच सिटी थाना अंतर्गत स्थित मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में भगवान बालाजी की मूर्ति को पत्थर से खंडित कर दिया था। जिसको गांववालों की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। पूछताछ के दौरान युवक ने ही 03 अक्टूबर को बरुखेड़ा में शिवलिंग भी तोडा था। पुलिस अग्रिम जांच कर रही हैं।