नीमच। शहर के कैंट थाने पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग आज आक्रोशित होकर दोपहर 3.30 बजे इकट्ठा हो गए। रहमत और उनके परिजनों व मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि आज बगीचा नंबर 12 में पुलिस, नगर पालिका और प्रशासन द्वारा जो कार्रवाई की गई वह न्याय संगत नहीं है। पूरी कार्रवाई पर हमें आपत्ति है। हमारे मकान पर बिना सूचना के बुलडोजर चला दिया गया। घर से सुबह 4 बजे नई नवेली दुल्हन, मासूम बच्चों और परिवार जनों को उठाकर थाने में बंद कर दिया गया। रहमत और बगीचा नंबर 12 के यहां निवास कर रहे लोगों का कहना था कि बिना नोटिस के हमारे मकान तोड़ दिए गए। बड़ी मात्रा में शादी विवाह का सामान, रूपया और लाखों के जेवरात रखे हुए थे। इस बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा। घर का सामान पूरा तबाह हो गया।
रहमत और परिजनों का कहना है कि हम 100 वर्षों से यहां पर निवास कर रहे हैं। मामला केवल प्रथम तल का था। जिस तरह से परिजनों को पुलिस थाने ले जाया गया और 12 घंटे बाद समाजजनों के पहुंचने के उपरांत छोड़ा गया, वह भी अनुचित है। पूरे शहर के साथ जहां कार्रवाई हुई उसके आसपास भी अतिक्रमण है केवल हमें ही चिन्हित कर निशाना क्यों बनाया गया?