नीमच। श्री गुरु गोविंद सिंह जी के 359 वे प्रकाश उत्सव को सिख समाज द्वारा नीमच में धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज इसी कड़ी में सिख समाज द्वारा नीमच के गुरुद्वारे से भव्य और दिव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन के खास आकर्षण कोटा की पालकी साहिब बस, वीर खालसा तरण तारण पंजाब गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतब और फतेह बेंड भटिंडा द्वारा बजाए गए ढोल नगाड़ों की शानदार प्रस्तुति रही। पंजाब गतका पार्टी के करतब देख लोगों ने दांतों तले अपनी उंगली दबा ली। विशाल नगर कीर्तन में सुसज्जित और आकर्षक बस में सवार होकर बाबा जी की पालकी नगर भ्रमण में शामिल रही। विशेष रूप से सिख समाज की महिलाओं द्वारा नगर कीर्तन के रास्ते को अपने हाथों से पानी के टैंकर के साथ झाड़ू से साफ करते हुए चलते जाने का नज़ारा श्रद्धा,आस्था,आदर और स्वच्छता के प्रति समर्पण का बयान कर रहा था। गुरुद्वारे से प्रारंभ हुए नगर कीर्तन का अरुल अशोक अरोरा, जनप्रतिनिधियों, किलेश्वर महादेव मंदिर समिति, राजपूत समाज, वधवा परिवार, विभिन्न समाजसेवी संस्था,धार्मिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। नगर कीर्तन गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर लायंस पार्क, गोविंद भवन के पीछे चलता हुआ टैगोर मार्ग, कमल चौक, फावारा चौक, बारादरी, घंटाघर, नया बाजार, जाजू बिल्डिंग, फोर ज़ीरो होता हुआ गुरुद्वारा पहुंचेगा। सिख समाजजन नगर कीर्तन में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। 6 तारीख को अटूट लंगर, शब्द कीर्तन,अरदास व आतिशबाजी आदि अनेक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।