कालापीपल। अहिरवार समाज संघ भारत की जिला एवं तहसील स्तरीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रविदास मंदिर, सारंगपुर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, युवाओं की भागीदारी तथा आगामी सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जगदीश सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह बौद्ध, जिला अध्यक्ष कैलाश अहिरवार, पर्वत सिंह सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों की अनुशंसा एवं सर्वसम्मति से कालापीपल क्षेत्र के ग्राम मनसाया निवासी भगवान सिंह अहिरवार को अहिरवार समाज संघ भारत का शाजापुर जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
मनोनयन के बाद समाजजनों ने विभिन्न स्थानों पर भगवान सिंह अहिरवार का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने विधायक कार्यालय में पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
भगवान सिंह अहिरवार पत्रकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शाजापुर और राजगढ़ जिले में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा समाजहित के कार्यों को नई दिशा प्राप्त होगी।