मंदसौर। खाद्य विभाग ने अवैध घरेलू गैस सिलेंडरों के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम डोराना में एक खेत पर बने बाड़े से 33 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम डोराना में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर खाद्य विभाग की टीम ने सत्यनारायण पिता भगीरथ सोलंकी के खेत पर बने बाड़े में औचक छापेमारी की।
जांच के दौरान मौके से 33 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी सिलेंडरों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
खाद्य विभाग ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
यह कार्रवाई जिला आपूर्ति अधिकारी नारायण सिंह चंद्रावत, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रघुराज सिंह डोडिया एवं आराधना खड़िया की संयुक्त टीम ने नई आबादी थाना पुलिस के सहयोग से की।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।