चित्तौड़गढ़। मीणा समाज विकास संस्था, चित्तौड़गढ़ की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर पौधा वितरण एवं खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि संस्था के तत्वावधान में रेलवे फाटक स्थित पेट्रोल पंप के समीप पौधा वितरण एवं खिचड़ी वितरण का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान उपस्थित समाजजनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। साथ ही निर्णय लिया गया कि संस्था के सभी सदस्य जिला स्तर पर आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस के अन्य कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और समाज में एकता, सामाजिक समरसता तथा जनसेवा का संदेश देंगे।
बैठक में समाज संरक्षक शिवराज मीणा, पिंटू मीणा, संस्था अध्यक्ष राजेश कुमार मीणा, अधिवक्ता गणपत मीणा, अधिवक्ता चमनलाल मीणा, आकाश मीणा सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।