कुकड़ेश्वर। थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ावदा निवासी बंजारा समाज के चार युवक कर्नाटक से कंबल बेच अपने गांव वापस लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए और उनकी बीच रास्ते में ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार दीवान पिता मानसिंह बंजारा उम्र 28 वर्ष निर्मल पिता राजू बंजारा उम्र 19 वर्ष, विजय पिता कंवरलाल बंजारा उम्र 19 वर्ष, विक्रम पिता बद्रीलाल बंजारा उम्र 18 वर्ष व अनिल पिता पप्पू बंजारा कर्नाटक में अक्टूबर में कंबल बेचने गए थे। 3 महीने बाद बीती सोमवार को अपने गांव खड़ावदा लौट रहे थे। बीच रास्ते में सभी युवकों ने एक ट्रेलर वालो से उन्होंने लिफ्ट मांगी जिसमें लोहे का भारी भरकम सामान था सभी युवकों ने अपनी बाइक और सामान उसमें चढ़ाकर अपने घर के लिए रवाना हुए। बीती रात 11 बजे करीब अचानक ट्राले में लगे बेल्ट टूट जाने से भारी भरकम सामान उनके ऊपर जा गिरा जिसके नीचे दबाने से चारों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका एक साथ अनिल पिता पप्पू जो ड्राइवर के पास बैठा था सुरक्षित बच गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय चारो ट्रॉले में सोए हुए थे। घटना महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर एवं तुंकि के बीच जंगल क्षेत्र में रात को 11 बजे करीब घटित हुई। अचानक हुई दर्दनाक घटना से परिजन गांव सहित क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार को सभी मृतक युवकों के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपूर्द किया गया, जिसके बाद परिजन शव को लेकर घर के लिए रवाना हुए।