जबलपुर में नागपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर ट्रक ने ट्रैवलर को टक्कर मार दी। ट्रैवलर ट्रक और रेलिंग के बीच फंसकर पिचक गई। इसके बाद सामने से आ रही कार दोनों गाड़ियों से टकरा गई। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई लोग ट्रैवलर में फंसे हुए हैं। पुलिस ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू में जुटी है।
घटना जबलपुर से 50 किलोमीटर दूर ग्राम बरगी के पास मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, सीमेंट से भरा ट्रक जबलपुर से कटनी की तरफ जा रहा था। ट्रक रॉन्ग साइड पर चल रहा था, ओवरटेक करने के दौरान ट्रैवलर से टकरा गया। ट्रैवलर के आगे का हिस्सा ट्रक के नीचे घुस गया।
ट्रक और ट्रैवलर की टक्कर के बाद सामने से आ रही है सफेद रंग की कार भी भिड़ गई। एयरबैग खुलने से सभी लोग सुरक्षित हैं। कार में सवार हैदराबाद के रहने वाले हैं, जो कि प्रयागराज से वापस लौट रहे थे। घटनास्थल से अभी तक पुलिस ने 7 शव निकाल लिए हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने का अनुमान है। एसडीओपी पारुल शर्मा और सिहोरा थाना पुलिस क्रेन की मदद से वाहनों को हटाने में लगी है।
अब तक मृतकों पहचान नहीं हो सकी
घटना की जानकारी लगते ही एसडीओपी पारुल शर्मा टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। ट्रक और ट्रैवलर में फंसे लोगों को निकालने के बाद कुछ घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज और सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। कलेक्टर दीपक सक्सेना और एसपी संपत उपाध्याय घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। मृतक कौन है और कहां के रहने वाले हैं, इसके साथ ही दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का भी पुलिस पता लगा रही है।