कुकड़ेश्वर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सहस्त्र मुखेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित 10 दिवसीय मेले के द्वितीय दिवस पर भक्तिमय संध्या का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भजन संध्या का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा, भाजपा जिला महिला मोर्चा की मंजू सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल परमार, वरिष्ठ पत्रकार भगवती प्रसाद सोनी, नरेंद्र चौधरी, थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
वरिष्ठ पत्रकार भगवती प्रसाद सोनी ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को संजोए रखते हुए नगर परिषद प्रतिवर्ष इस भव्य आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कर रही है, जिससे समूचे क्षेत्र के ग्रामवासियों को धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ मिलता है। स्वर्गीय समरथलाल पटवा द्वारा प्रारंभ की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की परंपरा आज भी नगर को गौरवान्वित कर रही है।
कार्यक्रम को पूर्व मंडल अध्यक्ष शंकरलाल मालवीय, पूर्व पार्षद नरेंद्र तुगनावत एवं लोकेश तुगनावत ने भी संबोधित किया। भजन संध्या में प्रीतम गुर्जर एवं पार्टी ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति से भक्तों को शिवमय कर दिया। संगीतमय माहौल में भक्तजन झूम उठे और पूरे आयोजन स्थल पर शिवभक्ति की धारा प्रवाहित होती रही।
कार्यक्रम का कुशल संचालन लोकेश मोदी द्वारा किया गया, जबकि मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। नगरवासियों, पत्रकारों, पार्षदों और भक्तों की भारी उपस्थिति ने इस भजन संध्या को अविस्मरणीय बना दिया।