चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल द्वारा श्री सांवलियाजी राजकीय जिला चिकित्सालय में स्थित महिला एवं बाल अस्पताल के मेटरनिटी होम का निरीक्षण किया गया।
सचिव ने वहां उपस्थित सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल अस्पताल के प्रमुख डॉ प्रवीण शर्मा और उनका समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। डॉ. प्रवीण शर्मा द्वारा सचिव गोयल को बताया गया कि उनके यहाँ आने वाली समस्त महिलाओं की उचित देखभाल व समय-समय पर मोंनिटरिंग की जाती है। सचिव गोयल द्वारा सभी वार्डों का निरीक्षण किया गया। मेटरनिटी होम में उपलब्ध दवाईयों का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही वहाँ पर्याप्त संख्या में डॉक्टर, नर्स, सफाई कर्मचारी आदि उपलब्ध है या नहीं तथा वहाँ उपस्थित मरीजों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है या नहीं इनकी जानकारी ली गयी । इसके साथ ही सचिव गोयल द्वारा सभी जरूरतमंदों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये गये।