नीमच। पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में फाग महोत्सव एवं होली मिलन समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन नीमच के श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर आश्रम स्थित श्री गोविंदराम आलमचंद हाल में हुआ, जिसमें सिंधी समाज की महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा केवलानी, स्नेहा तलरेजा, रिया कलवानी, खुशबू अठवानी, सीमा पंजवानी और समाज की अग्रणी महिलाओं द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सामान्य ज्ञान क्विज, राधा कृष्ण के गानों पर डांस, और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता शामिल थीं। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में राधा कृष्ण के रूप में नन्हे बच्चे रुहिका केवलानी और देव लालवानी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। गुलाल और फूलों से होली खेली और राधा कृष्ण के भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन कीर्ति रोहिड़ा ने किया और अंत में मधु केवलानी ने आभार व्यक्त किया।