नीमच। शहर में सकल ब्राह्मण समाज द्वारा प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी श्री परशुराम जन्मोत्सव ऐतिहासिक व भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसको लेकर एलआईसी चौराहा स्थित श्री परशुराम महादेव मन्दिर पर ध्वजा पूजन कर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर सहित नीमच जिले के समाजजन शामिल हुए।
बैठक के दौरान भगवान श्री परशुराम जी के जन्मोत्सव कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित समाजजनों ने अपने सुझाव भी दिए। बैठक के पश्चात पूर्ण विधि विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री परशुराम जी के कार्यक्रम की धर्म ध्वजा श्री परशुराम मंदिर पर चढ़ाई गई। समाजजनों ने जय परशुराम का जय घोष करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन में सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति, नीमच श्री परशुराम महादेव मंदिर समिति, सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों सहित समाजजन शामिल हुए।