भोपाल। सोमवारा कायस्थपुरा स्थित बड़वाले महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर विवाह के बाद रविवार को मंदिर में रिसेप्शन(प्रीति भोज) के रूप में भंडारा हुआ। इसमें दस हजार से अधिक लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। इसके पूर्व शिव-पार्वती का नवयुगल जोड़े के रूप में श्रृंगार किया गया, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर समिति के संजय अग्रवाल और प्रमोद नेमा ने बताया कि पहले मंदिर समिति ने अभिषेक के बाद भगवान शिव-पार्वती की चलित प्रतिमाओं को गर्भगृह में स्थापित कर वर वधु के रूप में श्रृंगार किया। उन्हें 56 भोग लगाए और पूजा आरती की। इस दौरान गर्भगृह फूल औऱ रंगीन झालरों से सजाया गया था। छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती के बाद रात 8 बजे से महाप्रसादी का वितरण प्रारंभ हुआ जो देर रात तक चला।
कार्यक्रम में भजन संध्या का भी आयोजन हुआ। इस दौरान समिति के शिशिर मित्तल, प्रकाश मालवीय, अभिषेक लाला, सचिन राठौर और विजय चतुर्वेदी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।