चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी के प्रति लोगों की आस्था दिनों दिन बढ़ती ही जा रही है। मन्नत पूरी होने पर यहां भक्त कई तरह के चढ़ावे चढ़ाते है। ऐसे ही एक भक्त ने अपनी अटूट आस्था के चलते सांवलियाजी को 162 ग्राम चांदी से बने बैट, बॉल और स्टंप भेंट किया है। भक्त का कहना है कि उन्होंने कोई मन्नत नहीं की, लेकिन अटूट आस्था के कारण यह चढ़ावा चढ़ाया है। मंदिर प्रभारी ने भक्त का उपरणा ओढ़ाकर और प्रसाद भेंटकर स्वागत किया।
भक्त ने कॉन्टेस्ट में लिया था भाग
मंडफिया स्थित श्री सांवलिया जी मंदिर में लोग नए नए चढ़ावा चढ़ाते है। कोई अपनी मन्नत पूरी करने पर चढ़ावा चढ़ाता है तो कोई नए काम की शुरुआत करने पर चढ़ाते हैं। प्रतापगढ़ की इंद्रा कॉलोनी से आए एक भक्त नरेंद्र गंधर्व भी चांदी से बने एक बैट, एक बॉल और दो स्टंप लेकर रविवार शाम को सांवरा सेठ के दरबार में पहुंचे। उन्होंने इसे भेंट कक्ष में दिया, जिसके बदले मंदिर प्रभारी ने इसकी रसीद काटी और उनका स्वागत किया। नरेंद्र गंधर्व ने बताया कि उन्होंने 9 मई 2024 को 2 कॉन्टेस्ट में भाग लिया था। भक्त नरेंद्र एक कॉन्टेस्ट में फर्स्ट रहे और इनाम के 40 हजार रुपए जीते। लेकिन दूसरे कॉन्टेस्ट में दूसरे स्थान पर रहकर 1 करोड़ रुपए उन्होंने जीते।
इनामी राशि से घर बनाया, गाड़ी भी खरीदी-
दर्शन करने के दौरान उन्होंने मंदिर प्रभारी राजेंद्र शर्मा को बताया कि उन्होंने कोई मन्नत नहीं की थी। लेकिन भगवान सांवरा सेठ पर अटूट विश्वास होने के कारण उन्होंने ये भेंट चढ़ाई। इनामी राशि में 42 लाख रुपए टैक्स में कट गए और 98 लाख रुपए उनके खाते में आ गए। इसी राशि से उन्होंने अपना घर बनाया और कार भी खरीदी। उनका मानना है कि यह जो भी मिला सब भगवान सांवरा सेठ की मेहरबानी से मिला।