नीमच। शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र नया बाजार में व्यापारी आज कुत्तों के आतंक से परेशान होकर दुकानों से निकलकर विरोध प्रदर्शन पर उतारू हो गए। दुकानदारों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाजार में आने-जाने के रास्ते पर जाम लगा दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दुकानदारों का कहना था कि आज यहां पर एक आवारा श्वान ने पांच लोगों को काट खाया। हालात इतने बदतरीन हो गए हैं कि ग्राहक बाजार में आने से डरने लगे हैं। दुकानदारों ने बताया कि पिछले 8 दिनों में 30 से अधिक डॉग बाइट की घटना नया बाजार में हो चुकी है। खासकर महिला, बुजुर्ग और बच्चे कुत्तों के आतंक से सहमे हुए हैं। कुछ दुकानदारों ने अपनी जेब से चूने की पुड़िया निकाल कर बताते हुए कहा कि ना जाने कब किसको कुत्ता काट खाए और चूने से त्वरित देशी इलाज करना पड़ जाए। धरना प्रदर्शन के दौरान पार्षद प्रतिनिधि मोनू लोक्स और साबिर मसूदी भी पहूंचे। दुकानदारों ने बताया कि कई बार नगरपालिका और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। आज भी बड़ी संख्या में एकत्रित दुकानदार नगरपालिका के जिम्मेदारों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बताते चले कि अभी दो दिन पहले इन कुत्तों ने नीमच के कीर्ति नगर में मासूम नन्हे बच्चों को शिकार बनाया था। नन्हे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आवारा कुत्तों के झुंड पूरे शहर के चप्पे-चप्पे में दिखाई देते हैं। एक तरफ लापरवाह व्यवस्था है और दूसरी तरफ नागरिक भयभीत तथा त्रस्त है ना जाने कब जनता की सुनवाई होगी।