नीमच। भारत का युवा हमारी शक्ति है। विकसित राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की अहम सहभागिता आवश्यक होगी। युवा हर क्षण को मूल्यवान समझकर उसका सदुपयोग करें गलतियों को स्वीकार करें। स्वामित्व का भाव रखें। यह बात जेके सीमेंट के प्रेसिडेंट मनीष तोषनीवाल ने आज नीमच के ज्ञानोदय यूनिवर्सिटी एंड ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक स्नेह सम्मेलन उमंग 2025 के शुभारंभ समारोह में अपने उद्बोधन में कही।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय आयोग के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. विश्वास चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत की संकल्पना में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। आज का युवा अंतर्द्वंद्व में है। युवाओं में कर्तव्य बोध का जागरण आवश्यक है। उमंग 2025 के रंगारंग कार्यक्रम में ज्ञानोदय की छात्र-छात्राओं ने एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, लोक कला पर आधारित नृत्य और अन्य बेहतरीन प्रस्तुति से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। ज्ञानोदय की गतिविधियों, मंचासीन अतिथियों के परिचय और कार्यक्रम की रूपरेखा से ज्ञानोदय की कुलपति डॉक्टर माधुरी चौरसिया और वाइस चांसलर डॉक्टर प्रशांत शर्मा ने अवगत कराया।
इस अवसर पर द्वारका प्रसाद चौरसिया,स्नेहा तोषनीवाल, सुनीता ओझा, अनिल चौरसिया, अभिनव चौरसिया गरिमा चौरसिया भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह ज्ञानोदय ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट की ओर से भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन पंकज श्रीवास्तव और विनीता डाबर ने किया। आभार डॉक्टर सुरेंद्र शक्तावत ने व्यक्त किया।