नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय पर आज विश्व हिंदू परिषद रक्षा विभाग द्वारा गोवंश के रक्षण और संवर्धन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि मध्यप्रदेश में गोवंश तस्करी में कमी नहीं आ रही है। इसके पीछे दलाल और मांस कारोबारियों का समूह सक्रिय हैं, जो गोवंश तस्करी को बढ़ावा दे रहे हैं। साप्ताहिक पशु हाट बाजार मेलों के माध्यम से किसानों के नाम से गरीब निर्धनों का उपयोग कर तस्करी की जा रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि पशु बाजार, पशु मेले बंद किये जाए। गोवंश तस्करी में उपयोग किए गए वाहन को राजसात किया जाए। ज्ञापन में मांग की गई है कि एक से अधिक बार गोवंश में लिप्त आरोपी और वाहन मालिक के विरुद्ध रासुका के तहत कार्रवाई की जाए। गो तस्करी रोकने में जो गो सेवक अंग विहीन हो जाता है उसके परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए। गौशालाओं के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया सरल कर तुरंत भूमि आवंटित की जाए। इस प्रकार की 30 सूत्रीय मांगे विश्व हिंदू परिषद गोरक्षा विभाग द्वारा ज्ञापन में की गई है।