नीमच। देशभर की तरह परंपरागत रूप से आज नीमच में भी विभिन्न जगहों पर होलिका दहन का कार्यक्रम होगा। कल शहर में रंगों का त्योहार धुलेंडी मनाई जाएगी। जिसे लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जमकर तैयारियां चल रही है। नीमच के बाजारों में करीब 40 दुकानों पर रंग गुलाल, पिचकारी, बेलून आदि सामग्री खरीदी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। बच्चों में होली को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। नीमच में इस अवसर पर खास तौर पर गैर खेलने के लिए लोग उमंग और उल्लास के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में शामिल होते हैं। दुकानों पर पुष्पा हथौड़े पिचकारी, पुष्पा कुल्हाड़ी पिचकारी, गुलाल सिलेंडर कलर वाले पटाखे, टैंक वाली पिचकारी,स्प्रे आदि विशेष वैरायटी की खरीदी के साथ लोग धुलेंडी तैयारी में जुटे हुए हैं। सूखे कलर, हर्बल और नेचुरल कलर, गुलाल के प्रति लोगों का आकर्षण खास देखा जा रहा है। हिंदू धर्म में होली और रंगों का एक विशेष महत्व है। ऐसे में समाजसेवी इस बात का भी खास खयाल रख रहे हैं कि आर्थिक रुप से कमजोर परिवार और उनकी बच्चे भी रंगों के त्योहार का आनंद ले सके। इसके लिए उन तक साधन उपलब्ध कराने की कोशिश भी की जा रही है। इस बात का संदेश भी दिया जा रहा है कि कोई भी अभद्र व्यवहार ना करते हुए एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हुए खूब खुशियों के साथ त्यौहार मनाएं।