कुकड़ेश्वर। नगर में होलिका दहन का पर्व इस वर्ष भी बड़ी धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। नगरवासियों ने परंपरागत रीति-रिवाजों का पालन करते हुए श्रद्धा और उत्साह के साथ इस पावन पर्व को मनाया। कल जमकर रंग-गुलाल उड़ेगा।
शाम 7.15 बजे नगर की शासकीय होली का दहन मनासा-रामपुरा रोड पर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से मध्य प्रदेश पटेल संघ के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र पटेल, श्यामलाल भूत पटेल, नायाब तहसीलदार नवीन सलोत्रा के प्रतिनिधि रामदयाल शर्मा, गिरधर पटवारी प्रवीण कुमावत, नगर परिषद के कमल सिंह परमार के प्रतिनिधि रमेश मोदी, नगर के समस्त कोटवार कारूलाल खींची, बंसीलाल खींची, कन्हैयालाल तमोली सहित नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार दशरथ नागदा, राजू पटेल, विनोद पोरवाल, भंवरलाल मांडीवाल, सतीश खाबिया एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
नगर पटेल ने किया होलिका दहन, ढोल-ढमाकों के साथ झूम उठे नगरवासी-
नगर के नगर पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अग्नि प्रज्जवलित कर होलिका दहन किया। इसके पश्चात नगरवासियों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं और ढोल-ढमाकों की धुन पर जमकर नृत्य किया। इस शुभ अवसर पर पूरे नगर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
पंडितों द्वारा विधि-विधान से संपन्न हुई पूजा-अर्चना-
नगर में आयोजित इस पावन पर्व के दौरान पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन संपन्न कराया गया। नगरभर में विभिन्न स्थानों पर भी समाजजनों द्वारा पारंपरिक रीति से होलिका दहन किया गया।
भाईचारे और सौहार्द का संदेश लेकर आया यह पर्व-
नगरवासियों ने एक-दूसरे को रंगों के इस पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। होलिका दहन के इस शुभ अवसर पर नगर में आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना को और अधिक बल मिला। नगर कुकड़ेश्वर में हुए इस भव्य आयोजन में सभी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रंगों के इस उल्लासमय पर्व की शुरुआत बड़े हर्षाेल्लास से की।