सिंगोली। कस्बे के नजदीक नीमच-सिंगोली सड़क मार्ग स्थित मेघ निवास पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर शाम करीब 7.00 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना में एक महिला और एक बच्चे सहित चार लोग गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।

शुक्रवार रात करीब 8.00 बजे प्राप्त जानकारी के मुताबिक बाइक सवार भेरूलाल भील अपनी बुजुर्ग मां और 6 वर्षीय पुत्र का सिंगोली हॉस्पिटल से उपचार करवाने के बाद वापस अपने गांव जमानियां की ओर जा रहा था। जबकि दूसरा बाईक सवार बबलू रेगर अपने गांव कछाला से सिंगोली की ओर आ रहा था, तब ही सड़क पर संतुलन बिगड़ने से दोनों बाईक में आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना में बुजुर्ग महिला और बच्चे सहित चारों गंभीर घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों ने सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को रेफर कर दिया। बताया जाता है कि घटना में घायल बबलू रैगर की हालत चिंता जनक है।
