नीमच। शहर के पीएम कॉलेज विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पिछले महीने आयोजित कैंपस प्लेसमेंट में 800 विद्यार्थियों का इंटरव्यू और व्यक्तित्व परीक्षण हुआ, जिनमें से 106 विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों ने अच्छे वेतनमान पर रोजगार देने के लिए जॉब ऑफर किया।
विधायक दिलीप सिंह परिहार के मुख्य आतिथ्य में उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। विधायक परिहार ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं के रोजगार के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले वर्षों में प्रदेश में कई कंपनियों से एमओयू किए जाएंगे। जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विश्वदेव शर्मा ने इसे महाविद्यालय के लिए स्वर्णिम उपलब्धि बताया।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने इसे महाविद्यालय की विशिष्ट उपलब्धि कहा, जबकि डॉ. संजय जोशी ने युवाओं और उनके माता-पिता के सपनों का साकार होना बताया। इस अवसर पर महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस जैसी कंपनियों से 30,000-40,000 रुपये प्रति माह वेतन पर रोजगार के अवसर मिले। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित थे। संचालन डॉ. नवीन सक्सेना ने किया और आभार डॉ. दीपिका जैन ने व्यक्त किया।