रतलाम। शहर के प्रॉपर्टी व्यवसायियों को वर्ष 1956-57 के रिकॉर्ड से नामांतरण में आ रही समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा। ये जानकारी प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने दी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा से चर्चा की गई है। साथ ही, प्रदेश के मुख्य सचिव और राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव को भी जल्द समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि पिछले दिनों प्रॉपर्टी व्यवसायियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी की थी और सरकार का पुतला जलाने का ऐलान किया था। लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने व्यवसायियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यवसायियों ने उपाध्याय को मांग पत्र सौंपा।
मंत्री ने दिया समाधान का भरोसा
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने मंत्री चेतन्य काश्यप को व्यवसायियों की समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री काश्यप ने बताया कि इस समस्या को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में भी लाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रॉपर्टी व्यवसायियों की समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।