सागर। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में एक बार फिर बदले मौसम का असर मध्य प्रांत तक दिख रहा है। होली पर दिल्ली में हुई बारिश के बाद शनिवार को सागर और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्के बादलों का डेरा दिखाई दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन दिन तक इसका असर रह सकता है। जिससे तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा।
फिलहाल बीते पांच दिन से दिन का तापमान 37-38 डिग्री के बीच स्थिर बना हुआ है जो 2 डिग्री तक खिसककर नीचे आ सकता है। जिससे गर्मी के तीव्र मार्च पर कुछ ब्रेक लगने की संभावना है। मार्च के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने तेजी से मार्च किया था और तापमान बढ़ने के साथ ही इसके 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन विक्षोभ ने इसे फिलहाल थाम लिया है।
5 दिन से दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक
गर्मी के मार्च ने वैसे रफ्तार पकड़ ली थी। बीते 5 दिन से लगातार दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। शनिवार को दिन का तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा।
अभी तक इस माह में सबसे अधिक तापमान बीते गुरुवार को 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि मंगलवार से बढ़ा 37.1 डिग्री तापमान शनिवार तक लगातार इससे अधिक ही दर्ज किया जाता रहा। शनिवार को भी दोपहर में हवा के झोंके तपन युक्त रहे। लोगों को खासी गर्मी का एहसास हुआ। आसमान में बादल आए तो लेकिन वे सूर्य को नहीं ढंक सके और तीखी धूप के साथ तपन लोगों ने महसूस की।
रात का तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। शुक्रवार को यह 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी इसमें 2 डिग्री से अधिक का उछाल दर्ज किया गया है। इस माह में अभी तक बीते बुधवार को रात का तापमान सबसे अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है।
मिले-जुले मौसम का महीना है मार्च
मौसम वैज्ञानिक डॉ. डीपी दुबे ने बताया कि दरअसल मार्च मिले-जुले मौसम का महीना माना जाता है। जाती हुई सर्दी और आती हुई गर्मी के बीच अक्सर मौसम बदलता है। जिससे इस महीने में ठंड, गर्मी और बारिश तीनों कई बार देखने को मिलते हैं। इस माह में ही अल्पकालिक अथवा दीर्घकालिक एक या दो विक्षोभ आते हैं जिससे मौसम में बदलाव आता है। विक्षोभ कितने ताकतवर होते हैं इस पर मौसम का उतार चढ़ाव निर्भर करता है। इसी कारण से इस माह में मौसम में सबसे अधिक अस्थिरता भी देखने को मिलती है।
आगे क्या
स्काई मैट के अनुसार मंगलवार से दिन के तापमान में फिर वृद्धि होने लगेगी। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, फिलहाल बारिश की संभावना कम है। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।