खरगोन। शहर के अतिप्राचीन श्री सिद्धनाथ महादेव मंदिर में रविवार को विभिन्न रंगों के गुलाल एवं फूलों से होली खेली गई। इस दौरान करीब 60 किलों प्राकृतिक गुलाल व 40 किलों फूलों का उपयोग किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और अपने आराध्य को गुलाल लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इससे पूर्व अधिष्ठाता भगवान श्री सिद्धनाथ महादेव जी का श्रृंगार कर मंदिर पुजारी हरिश गोस्वामी द्वारा महाआरती की गई। इसके पश्चात होली प्रारंभ हुई। श्रृंगार मित्र मंडल के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र भावसार लाला ने बताया कि होली का कार्यक्रम नंदी हाल में किया गया। सभी श्रद्धालुओं ने जमकर गुलाल उड़ाया और भगवान श्री सिद्धनाथ महादेव जी को गुलाल लगाने के बाद एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। होली का सभी श्रद्धालुओं ने उत्साह से आनंद लिया और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आएं। होली के दौरान श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई की व्यवस्था भी की गई थी।