इन्दौर। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को इंदौर संभाग के खण्डवा जिले की ग्राम पंचायत नर्मदानगर में मां रेवा उद्यान का फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने मां नर्मदा की पूजा अर्चना कर चित्र पर माल्यार्पण किया। मंत्री पटेल ने बताया कि आवास योजना के लिए मध्यप्रदेश में सर्वे किया गया था, जिसमें लगभग 27 लाख लोगों के नाम जुड़े थे। उन्होंने कहा कि आवास योजना के तहत जरूरतमंदों की मदद करना सरकार का मूलभूत कर्तव्य है। इसके लिए 3 माह पहले फिर से सर्वे शुरू किया गया है जिसमें पात्र हितग्राही का नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद को छूटने नहीं दिया जाएगा एवं सभी पात्रों के लिए पक्के आवास बनावाये जाएंगे।
मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पात्र हितग्राहियों को मूलभूत सुविधाएँ जैसे मकान, पानी, बिजली एवं गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो योजनाएं संचालित की हैं वह महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण के लिए हैं। मंत्री पटेल ने कहा कि गैस कनेक्शन भी महिलाओं के नाम पर ही दिया गया है। पेन्शन व वृद्धजनों के जीवन की भी चिंता सरकार द्वारा की जाएगी। इससे पूर्व मंत्री पटेल ने ग्राम पंचायत नर्मदानगर परिसर में वृक्षारोपण कर त्रिवेणी का पौधा लगाया, जिसमें नीम, पीपल एवं बड़ शामिल हैं।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा विधायक कंचन तनवे, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेडे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद थे।