नीमच। शहर में आज बूढ़ा गोपाल महिला मंडल द्वारा भव्य फाग उत्सव का आयोजन पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ किया गया। बूढ़ा गोपाल मंदिर पर आयोजित फाग उत्सव में महिलाओं ने ठाकुर जी को रंग लगाकर रिझाने के लिए भजन गाए। कृष्ण, राधा और गोपियों की वेशभूषा में महिलाओं ने भक्ति गीतों पर जमकर नृत्य किया। आज बिरज में होली रे रसिया, राधिका गोरी से बिरज की छोरी से, मीठी मीठी सांवरे की मुरली बाजे आदि मधुर भजनों की प्रस्तुति गौरव पारीक द्वारा की गई। महिलाओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर पुष्प वर्षा की। इस अवसर पर मंदिर को रंगारंग रोशनी से सराबोर किया गया। ठाकुर जी का श्रृंगार कर आरती की गई। प्रसादी वितरण हुआ। बताते चलें कि बूढ़ा गोपाल मंदिर महिला मंडल द्वारा फाग उत्सव का कार्यक्रम वर्ष में चार बार आयोजित किया जाता है।