नीमच। जिला अभिभाषक संघ के द्विवार्षिक चुनाव 2025-2027 की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए आज नामांकन भरने की अंतिम तिथि के बाद छह पदों के लिए 16 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए हैं। आखिरी दिन तक जमा नामांकन फार्म के अनुसार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए दो-दो अभिभाषक सदस्यों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। वहीं सचिव पद के लिए चार, कोषाध्यक्ष पद हेतु तीन, सहसचिव पद के लिए दो और ग्रंथपाल के लिए तीन वकीलों ने नामांकन पत्र जमा किए हैं।
अध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट मनीष जोशी और सुनील जोशी ने नामांकन भरा है। दोनों उम्मीदवारों में सीधा मुकाबला होने की संभावना है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए नौशाद खान और शांतिलाल जैन, सचिव पद के लिए अमित कुमार शर्मा, दीपक शर्मा, देवेंद्र केथवास और सुरेश सियोटा द्वारा नामांकन फार्म जमा किए गए है। कल 18 मार्च को शाम 4 बजे तक नाम वापसी की अंतिम तिथि है। इसी दिन उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 20 मार्च को सुबह साढ़े दस बजे से 2 बजे तक मतदान चलेगा। 20 मार्च के दिन ही मतदान के बाद जिला न्यायालय के बार रूम में मतगणना होगी। मतगणना के बाद शाम तक चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।
बताते चलें की नीमच जिला अभिभाषक संघ के चुनाव में 359 मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव के लिए जिला न्यायालय में चुनावी माहौल धीरे-धीरे जमने लगा है। देखना दिलचस्प होगा कि नाम वापसी के बाद कितने उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाते हैं।