चित्तौड़गढ़। राजस्थान के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी ने चौथे राउंड में 4 करोड़ 75 लाख 20 हजार रुपयों की काउंटिंग हुई है। अब तक चार राउंड में कुल 22 करोड़ 15 हजार रुपयों की गिनती हो चुकी है। वहीं, भेंट कक्ष में आए मनीऑर्डर, ऑनलाइन रुपयों की गिनती अभी भी बाकी है। साथ ही सोने-चांदी का तौल भी आखिरी दिन किया जाएगा।

मंडफिया स्थित श्री सांवलिया जी मंदिर में 13 मार्च को पूर्णिमा के दिन भंडार खोला गया था। पहले दिन 7 करोड़ 55 लाख रुपयों की गिनती हुई थी। अगले दिन धुलेंडी और उसके बाद शनिवार, रविवार का दिन होने के कारण सोमवार को दूसरे राउंड की काउंटिंग हुई। दूसरे राउंड की काउंटिंग में 4 करोड़ 97 लाख 20 हजार रुपयों की गिनती हुई। मंगलवार को 4 करोड़ 72 लाख 75 हजार रुपयों की गिनती पूरी की गई थी। वहीं, बुधवार को राजभोग आरती के बाद फिर से एक बार काउंटिंग शुरू की गई। शाम तक 4 करोड़ 75 लाख 20 हजार रुपयों की गिनती पूरी की गई।

अब तक सांवरा सेठ के भंडार से निकली 22 करोड़ 15 हजार रुपयों की गिनती पूरी हो चुकी है। अब पांचवें राउंड की गिनती कल गुरुवार सुबह शुरू होगी जो शाम तक चलेगी। काउंटिंग मंदिर मंडल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभाव गौतम, नायब तहसीलदार शिव शंकर पारीक और प्रशासनिक अधिकारी नंदकिशोर टेलर की उपस्थिति में किया जा रहा है।

मंदिर के भेंट कक्ष में कई भक्त मनी ऑर्डर के जरिए चढ़ावा चढ़ा कर जाते हैं। इसके अलावा काफी रुपए ऑनलाइन भी प्राप्त होते हैं। इन सब की काउंटिंग और सोने-चांदी का तौल भी बाकी है। भंडार से निकली राशि के काउंटिंग के बाद ही ऑनलाइन राशि की काउंटिंग होगी। आखिरी दिन ही सोने-चांदी का तौल भी होगा। बता दे कि होली के महोत्सव से पहले आने वाले अमावस्या की चतुर्दशी पर भंडार नहीं खुल जाता है। फूलडोल महोत्सव पर डेढ़ महीने का भंडार खोला जाता है। इसके बाद आने वाले अमावस्या पर 15 दिन का भंडार भी खोला जाएगा।
