नीमच। शहर को स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बड़ी सौगात मिली है। ज्ञानोदय मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने अपनी चिकित्सा सेवाओं में एक कदम और आगे बढ़ाया है। आज ज्ञानोदय मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में पूजा अर्चना और फीता काटकर अत्यधिक कैथ लैब यानी हृदय रोग लैब का शुभारंभ किया गया। मालवा क्षेत्र की एकमात्र अत्याधुनिक कैथ लेब मशीन द्वारा ज्ञानोदय के माध्यम से यहां के हृदय रोगियों के लिए उच्चतम श्रेणी की एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ अजीत प्रताप सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कनावटी स्थित ज्ञानोदय हॉस्पिटल द्वारा कैथ लैब की शुरूआत एक बड़ा कदम है। हार्ट अटैक के मामले वर्तमान में अत्यधिक सामने आ रहे है। ऐसे में मरीज के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा आवश्यक हो जाती है। नीमच और आसपास के हृदय रोगियों को समय रहते अब ज्ञानोदय हॉस्पिटल में कैथ लैब स्थापित हो जाने से तत्काल चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेगी। ज्ञानोदय की निदेशक डॉक्टर माधुरी चौरसिया ने कहा कि न्यूरोसर्जरी और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के बाद अब हमारे यहां दिल के मरीजों के लिए कैथ लैब की शुरुआत की गई है। जिसमें एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी के साथ-साथ होल्डर एवं टीपीआई, पेसमेकर, इकोकार्डियोग्राफी आदि अनेक सुविधाएं हृदय रोगियों को मिल सकेगी। शुभारंभ अवसर पर बालाजी मंदिर के गुरुजी लक्ष्मीनारायण शर्मा, डॉ एलबीएस चौधरी और डॉक्टर सुजाता मेहता, अनिल चौरसिया अभिनव चौरसिया और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।आभार गरिमा चौरसिया ने व्यक्त किया।