चित्तौड़गढ़। राजस्थान के प्रसिद्ध श्री सांवलिया जी मंदिर के खोले गए भंडार की गुरुवार शाम को पांचवें राउंड की गिनती भी पूरी हो गई। पांचवें और अंतिम राउंड में 2 करोड़ करोड़ 44 लाख 79 हजार 700 रुपए की काउंटिंग हुई है। सभी पांच राउंड में कुल 24 करोड़ 44 लाख 94 हजार 700 रुपए की गिनती हुई। वहीं भेंट कक्ष और ऑनलाइन से 4 करोड़ 64 लाख 68 हजार 592 रुपए मिले। जिसके बाद कुल 29 करोड़ 09 लाख 63 हजार 292 रुपए मिले। इसके अलावा सोने-चांदी का भी तौल हुआ। भंडार और ऑफिस के कुल 1133 ग्राम 930 मिलीग्राम सोना, 135 किलो 302 ग्राम चांदी भी मिली है। बता दें कि पिछले साल मार्च में खोले गए भंडार से कुल 17 करोड़ 44 लाख 27 हजार 661 रुपए निकले थे।

पांच राउंड में हुई गिनती-
मंडफिया स्थित श्री सांवलिया जी मंदिर में 13 मार्च को पूर्णिमा के दिन भंडार खोला गया था। पहले दिन 7 करोड़ 55 लाख रुपए की गिनती हुई थी। अगले दिन धुलेंडी और उसके बाद शनिवार, रविवार का दिन होने के कारण सोमवार को दूसरे राउंड की काउंटिंग हुई। दूसरे राउंड की काउंटिंग में 4 करोड़ 97 लाख 20 हजार रुपए की गिनती हुई। तीसरे राउंड में 4 करोड़ 72 लाख 75 हजार रुपए की गिनती पूरी की गई थी। वहीं चौथे राउंड में 4 करोड़ 75 लाख 20 हजार रुपए की गिनती पूरी की गई। गुरुवार को पांचवें राउंड में 2 करोड़ 44 लाख 79 हजार 700 रुपए की गिनती हुई है। यह काउंटिंग सुबह शुरू की गई जो शाम तक चली। सांवरा सेठ के भंडार से 24 करोड़ 44 लाख 94 हजार 700 रुपए मिले। काउंटिंग मंदिर मंडल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभाव गौतम, नायब तहसीलदार शिव शंकर पारीक और प्रशासनिक अधिकारी नंदकिशोर टेलर की मौजूदगी में हुई।

ऑनलाइन मिले 4.64 करोड़-
मंदिर के भेंट कक्ष में कई भक्त मनीऑर्डर के जरिए चढ़ावा चढ़ा कर जाते हैं। इसके अलावा काफी रुपए ऑनलाइन भी मिलते हैं। इस महीने ऑनलाइन और मनीआर्डर से 4 करोड़ 64 लाख 68 हजार 592 रुपए मिले। भंडार और ऑनलाइन रुपयों को जोड़ने के बाद 29 करोड़ 09 लाख 63 हजार 292 रुपयों का चढ़ावा मिला है।

चढ़ावे में मिली 135 किलो चांदी-
इसी तरह गुरुवार को सोने-चांदी का तौल भी हुआ। भंडार से 350 ग्राम सोना और 67 किलो 150 ग्राम चांदी मिली है। जबकि ऑफिस में 783 ग्राम 930 मिलीग्राम सोना और 68 किलो 152 ग्राम चांदी मिली है। यानी कुल 1133 ग्राम 930 मिलीग्राम सोना और 135 किलो 302 ग्राम चांदी चढ़ावे में मिली है।
