नीमच। शहर में रियल एस्टेट कारोबारियों ने आज कलेक्टर गाइड लाइन में प्रस्तावित बढ़ोत्तरी का विरोध किया है। प्रॉपर्टी कारोबारी आज रविवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में एकत्रित होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां नीमच रियल एस्टेट ब्रोकर ग्रुप के बैनर तले कारोबारियों ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और विधायक दिलीप सिंह परिहार के नाम जिला पंजीयक को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान ब्रोकर्स ने बताया कि प्रॉपर्टी रेट गाइडलाइन में 30 से 40 प्रतिशत की प्रस्तावित वृद्धि गलत है। उन्होंने मांग की है कि जरुरत पड़ने पर केवल 5 से 10 प्रतिशत तक ही बढ़ोतरी की जाए। वर्तमान में प्रॉपर्टी बाजार मंदी से गुजर रहा है। व्यापार पहले से ही कम है। ऐसे में अधिक बढ़ोत्तरी से बाजार और प्रभावित होगा। उन्होंने जिला पंजीयन कार्यालय की व्यवस्था पर भी चिंता जताई। कार्यालय एक छोटे कक्ष में संचालित हो रहा है। यहां लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर ग्रुप के अध्यक्ष राजेश जैन, संगठन मंत्री राजेंद्र जारोली, सचिव अतुल जैन सहित अन्य प्रॉपर्टी ब्रोकर बड़ी संख्या में उपस्थित थे।