नीमच। शहर के मशहूर फुटबॉलर स्वर्गीय महेंद्र चतुर्वेदी को आज दशहरा मैदान में फुटबॉल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर याद किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनो ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बताते चलें कि महेंद्र चतुर्वेदी का 22 मार्च को स्वर्गवास हो गया था। स्वर्गीय महेंद्र चतुर्वेदी ने एनएफए और यंग बॉयज की ओर से देश के विभिन्न शहरों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलते हुए नीमच का नाम रोशन किया। उन्होंने रतलाम डिवीजन और वेस्टर्न रेलवे की ओर से डिपार्टमेंटल और ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट में भी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। वे हेडिंग और वाली के मास्टर कहलाते थे। आज नीमच में फुटबॉल प्रेमियों द्वारा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्वर्गीय महेंद्र चतुर्वेदी को शब्दांजलि देते हुए फुटबॉल खिलाड़ियों ने कहा कि उनका इस दुनिया से जाना नीमच के फुटबॉल जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है। उनका योगदान हमेशा याद रहेगा।