कुकड़ेश्वर। नगर में सर्व ब्राह्मण समाज एवं सेन समाज द्वारा रंग तेरस पर्व को बड़े हर्षाेल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों की मस्ती में सराबोर हो गए।
सुबह से ही समाजजनों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। नगर में गैर यात्रा निकाली गई, जिसमें डीजे की धुनों पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। शोभायात्रा के दौरान फायर ब्रिगेड की विशेष उपस्थिति रही, जिसने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। समाज के वरिष्ठजनों ने सभी को रंग तेरस की शुभकामनाएँ दीं और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
रंग-गुलाल की बौछार, ढोल-नगाड़ों की गूंज और उल्लास से भरा वातावरण पूरे नगर में देखने को मिला। समाजजनों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएँ दीं और पर्व का आनंद लिया।
इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज एवं सेन समाज के प्रमुख पदाधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रंगों की इस अनोखी गैर के साथ नगर में रंग तेरस पर्व का भव्य समापन हुआ, जिसमें सभी ने प्रेम, भाईचारे और आनंद के रंग बिखेरे।