नीमच। शहर में पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा आज चेटीचंड और गुड़ी पड़वा के अवसर पर विशाल और भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। सिंधी समाज के ईष्ट भगवान वरुण देव जी के 1075 वें जन्म उत्सव पर वाहन रैली आज सुबह भागेश्वर मंदिर से निकाली गई। रैली में समाजजन उत्साह के साथ धर्म ध्वजा लेकर शामिल हुए। चेटीचंड उत्सव समिति द्वारा आयोजित वाहन रैली भागेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर टीवीएस शोरुम चौराहा, शिवाजी सर्किल, टैगोर मार्ग, बघाना, सिंधी बाहुल्य क्षेत्रों और शहर के प्रमुख मार्गाे से होते हुए झूलेलाल मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई।
मनोहर मोटवानी मित्र मंडल द्वारा वाहन रैली का शिवाजी सर्कल पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्वागत के दौरान नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, सभापति मनोहर मोटवानी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वाहन रैली में शामिल समाज जनों का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। वाहन रैली का शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह स्वागत हुआ। वाहन रैली के पश्चात आयोजन स्थल पर समाजजन चेटीचंड पर्व के उल्लास में सिंधी गीतों पर नाचते झूमते अपनी खुशी का इजहार करेंगे। सामूहिक भोज का आयोजन होगा।