नीमच। शहर के नवीन न्यायालय परिसर में वकीलों के लिए उचित बैठक व्यवस्था ना होने के चलते जिला अभिभाषक संघ द्वारा साधारण सभा की बैठक में नए भवन के बहिष्कार का निर्णय लिया गया है। यह बात जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट मनीष जोशी ने जिला न्यायालय के बार रूम में प्रेस वार्ता के दौरान कही। पत्रकारों को संबोधित करते हुए मनीष जोशी ने कहा कि हमें चार-चार हजार स्क्वायर फीट के दो हाल उपलब्ध कराए जा रहे थे। जहां हमें पक्षकारों के साथ अपनी प्रैक्टिस संबंधित कार्य निपटाना है। इतनी कम जगह में यह संभव नहीं है। हमारे द्वारा यह मांग रखी गई कि सामान्य पार्किंग में बैठने की व्यवस्था की जाए। जिसे लेकर आज हम मार्किंग और लाइनिंग करने पहुंचे, तब वहां ताले लगा दिए गए। पूछने पर जिम्मेदार एक दूसरे पर टालमटोल करते रहे।
मनीष जोशी ने पत्रकारों से कहा कि जुडिशरी द्वारा अधिवक्ताओं के साथ किये गए इस प्रकार के दुर्व्यवहार से हम आहत है। वर्तमान परिसर में वकीलों की 170 से 180 टेबलें लगती है,जिन पर सीनियर वकीलों के साथ उनके जूनियर भी बैठते हैं। ऐसे में 4000 स्क्वायर फीट के दो हाल में काम करना कैसे संभव है। पत्रकारों को मनीष जोशी ने बताया कि नवीन न्यायालय परिसर में वकीलों और पक्षकारों के लिए कोई भी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है।नई बिल्डिंग में जगह-जगह क्रैक्स आ रहे हैं। सुविधाओं के मामले में वकीलों के साथ पूरी तरह पक्षपात हुआ है। पक्षकारों के बैठने की व्यवस्था नहीं है। हरियाली का अभाव है।इसके बावजूद अभिभाषक संघ नई बिल्डिंग में काम करने को तैयार था।वकीलों द्वारा पार्किंग में बैठक की व्यवस्था मांगी गई, जिसे भी नकार दिया गया।