मंदसौर। शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉक्टर डीडी संगतानी के अचानक लापता होने को लेकर पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने परिवारजन और पुलिस अधिकारियों से चर्चा की।
सिसोदिया ने बताया कि जैसे ही उन्हें गायब होने की जानकारी मिली उन्होंने डॉ. संगतानी की पत्नी से चर्चा की, इसके बाद उन्होंने डीआईजी मनोज सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद से भी जानकारी ली।
सिसोदिया ने बताया कि जैसा कि अपुष्ट तौर पर प्रतापगढ़ की नारकोटिक्स द्वारा संगतानी को ले जाने की बात सामने आई है, इसे लेकर उन्होंने प्रतापगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता कमलेश डोसी से भी चर्चा करते हुए विषय की जानकारी दी और स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से चर्चा करने का आग्रह किया।
सिसोदिया ने कहा कि यदि नारकोटिक्स द्वारा संगतानी को ले जाया गया है तो यह बहुत गलत और आपत्तिजनक है। मैं लगातार परिवारजन और अधिकारियों के संपर्क में हूं। हमारी कोशिश और प्रार्थना है कि संगतानी जल्द से जल्द और सकुशल मिल जाएं।